UP News : छह वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म मामले का खुलासा, पुलिस डॉग ‘मैरी’ ने आरोपी तक पहुंचाई टीम

संभल। संभल जिले में छह वर्षीय मासूम बच्ची से दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले का खुलासा पुलिस की विशेष प्रशिक्षित डॉग ‘मैरी’ की मदद से हुआ है। पुलिस के लिए चुनौती बने इस ब्लाइंड केस में डॉग स्क्वॉड की अहम भूमिका रही। आरोपी की गिरफ्तारी में निर्णायक योगदान देने पर पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने डॉग ‘मैरी’ को 10 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया।

जानकारी के अनुसार, बबराला थाना क्षेत्र की रहने वाली छह वर्षीय बच्ची 18 जून को घर से खेलने के लिए निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान बच्ची घर से लगभग 300 मीटर दूर जंगल के समीप बेहोशी की हालत में मिली। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया। अगले दिन फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए, जिनमें एक गमछा भी बरामद हुआ। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पोक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

डॉग ‘मैरी’ ने दिखाया कमाल

मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई के निर्देश पर डॉग स्क्वॉड को लगाया गया। जांच के दौरान डॉग ‘मैरी’ को घटनास्थल से बरामद गमछा सूंघाया गया। गंध पहचानने के बाद मैरी खेतों और जंगलों से गुजरते हुए पुलिस टीम को सीधे एक संदिग्ध युवक संदीप के घर तक ले गई।

पुलिस जब आरोपी के घर पहुंची तो परिजनों ने उसके घर पर होने से इनकार किया। हालांकि जांच में पता चला कि पुलिस की गतिविधियों की भनक लगते ही आरोपी फरार हो गया था। बाद में बबराला-रजपुरा मार्ग पर घेराबंदी कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा भी बरामद हुआ।

कई मामलों में सफलता दिला चुकी है मैरी

पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि मैरी अपनी प्रशिक्षण बैच की गोल्ड मेडलिस्ट डॉग है और इससे पहले भी कई जटिल मामलों के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुकी है। बिलासपुर के जंगल में हुए ब्लाइंड मर्डर केस और संभल के एक अन्य अज्ञात हत्या कांड में भी मैरी ने अहम सुराग उपलब्ध कराए थे।

उन्होंने बताया कि इस मामले में वैज्ञानिक जांच, फॉरेंसिक साक्ष्यों और डॉग स्क्वॉड के समन्वित प्रयासों से आरोपी तक पहुंचना संभव हो सका। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आधुनिक तकनीक और प्रशिक्षित डॉग स्क्वॉड की सहायता से गंभीर अपराधों के खुलासे में तेजी और सटीकता दोनों बढ़ी हैं, जिसका यह मामला एक प्रमुख उदाहरण है।

खबरें और भी हैं

Latest News

आज का राशिफल 24 जून 2026: जानिए सभी 12 राशियों का दैनिक भविष्यफल आज का राशिफल 24 जून 2026: जानिए सभी 12 राशियों का दैनिक भविष्यफल
मेष आज कार्यक्षेत्र में आपकी सूझबूझ और निर्णय क्षमता के चलते लंबे समय से अटके कार्य पूरे होने की संभावना...
Ballia News : सीमा वर्मा ने संभाला औषधि निरीक्षक का कार्यभार, बनीं बलिया की पहली महिला ड्रग इंस्पेक्टर
UP News : छह वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म मामले का खुलासा, पुलिस डॉग ‘मैरी’ ने आरोपी तक पहुंचाई टीम
Ballia News : कस्तूरबा गांधी विद्यालय भर्ती के लिए अभिलेख सत्यापन प्रक्रिया संपन्न, चयन के अगले चरण की तैयारी शुरू
Adani Mundra Airport : मुंद्रा एयरपोर्ट से शुरू हुई पहली नियमित उड़ान सेवा, मुंबई-गोवा समेत 8 शहरों से बढ़ी कनेक्टिविटी
Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.