- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- BBAU में इतिहास रचा : प्रो. शिल्पी वर्मा बनीं सूचना विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विद्यापीठ की पहली महिला...
BBAU में इतिहास रचा : प्रो. शिल्पी वर्मा बनीं सूचना विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विद्यापीठ की पहली महिला संकायाध्यक्ष
लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हुई है। विश्वविद्यालय के पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग की आचार्य प्रो. शिल्पी वर्मा को सूचना विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विद्यापीठ का संकायाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वह इस संकाय की पहली महिला डीन (संकायाध्यक्ष) बनी हैं।
प्रशासनिक और शैक्षणिक अनुभव का लंबा सफर
प्रो. शिल्पी वर्मा विश्वविद्यालय में कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं। वह बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट की सदस्य, मुख्य सतर्कता अधिकारी, डिप्टी डायरेक्टर आईक्यूएसी, डिप्टी प्रॉक्टर, प्लानिंग बोर्ड तथा बिल्डिंग कमेटी की सदस्य के रूप में कार्य कर चुकी हैं। वर्तमान में वह आईक्यूएसी की निदेशक और बीबीएयू एलुमनाई एसोसिएशन की अध्यक्ष भी हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर भी सक्रिय भूमिका
विश्वविद्यालय के बाहर भी प्रो. वर्मा शैक्षणिक और शोध गतिविधियों में सक्रिय योगदान दे रही हैं। वह Indian Association of Special Libraries and Information Centres की कार्यकारिणी सदस्य हैं तथा नैक (NAAC) पीयर टीम की अध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।
शोध, नवाचार और कौशल विकास पर रहेगा फोकस
नियुक्ति के बाद प्रो. शिल्पी वर्मा ने कहा कि उनका प्रयास संकाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का होगा। उन्होंने बताया कि सतत विकास लक्ष्य (SDGs) और विकसित भारत-2047 की अवधारणा को ध्यान में रखते हुए शोध, नवाचार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और कौशल विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।
शिक्षकों और अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल सहित विश्वविद्यालय के कई वरिष्ठ शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रो. शिल्पी वर्मा को बधाई दी तथा उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
प्रो. शिल्पी वर्मा की नियुक्ति को बीबीएयू में महिला नेतृत्व को नई पहचान देने वाली महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
