Chhath Puja News: पीलीभीत में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर व्रती महिलाओं ने की छठी मइया की आराधना

पीलीभीत: लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को पीलीभीत में श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक उल्लास का माहौल देखने को मिला। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए व्रती महिलाएं बरहा रेलवे क्रॉसिंग स्थित पूजा स्थल और जलाशय पर पहुंचीं। विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की।

15.jpg

पीले वस्त्रों में सजी व्रती महिलाओं के हाथों में पूजन सामग्री से भरे डाला और सूप नजर आए। घाटों पर छठी मइया के पारंपरिक गीतों की गूंज से वातावरण भक्तिमय हो उठा। नाक से माथे तक सिंदूर लगाए महिलाओं ने जल में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया।

336.jpg

छठी मइया के गीतों से गूंजे घाट

चार दिवसीय छठ महापर्व के तहत शनिवार से शुरू हुआ 36 घंटे का निर्जला व्रत रविवार को भी पूरी श्रद्धा और नियम-निष्ठा के साथ जारी रहा। सुबह से ही घरों में पूजा की तैयारियां शुरू हो गई थीं। महिलाओं ने बांस के डाला और सूप को पारंपरिक तरीके से सजाया। इनमें कच्चे सूत की माला, करधनी समेत करीब 52 प्रकार की पूजन सामग्री रखी गई। सजे हुए सूप के अगले हिस्से में मिट्टी का प्रज्ज्वलित दीपक भी रखा गया।

73.jpg

सूर्यास्त से पहले ही बरहा रेलवे क्रॉसिंग स्थित पूजा स्थल और जलाशय पर व्रतधारियों का पहुंचना शुरू हो गया। महिलाएं समूहों में घरों से पूजा सामग्री लेकर घाटों की ओर रवाना हुईं। रास्ते भर ‘हे छठी मइया हर लीं बलैया’ और ‘रिमिक झिमिक बोलेली छठी मइया’ जैसे पारंपरिक लोकगीतों की गूंज सुनाई देती रही।

20.jpg

जलाशय पर पहुंचकर महिलाओं ने पहले वेदी पर पूजा-अर्चना की। इसके बाद पानी में खड़े होकर निर्धारित सूर्यास्त के समय सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। घंटों और शंख की ध्वनि से पूरा पूजा स्थल गूंज उठा। वहीं, रेलवे कॉलोनी के घर रंग-बिरंगी झालरों और रोशनी से जगमगाते नजर आए।

अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाएं सूप में प्रज्ज्वलित दीपक रखकर घर लौटीं। इस दीपक को सुरक्षित रखा गया, जिसे सोमवार की भोर में पुनः पूजा स्थल पर ले जाकर उदीयमान सूर्य की आरती में इस्तेमाल किया जाएगा।

भोर में सूर्य को अर्घ्य देकर खुलेगा निर्जला व्रत

छठ महापर्व का समापन सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा। इसके लिए व्रती महिलाएं सूर्योदय से पहले ही जलाशयों और घाटों पर पहुंचेंगी। डाला और सूप में पूजन सामग्री सजाकर छठी मइया की आराधना की जाएगी। इसके बाद उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-शांति और संतान की मंगलकामना की जाएगी।

636.jpg

पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे से चल रहे निर्जला व्रत का पारायण किया जाएगा। अंतिम अर्घ्य को लेकर व्रतधारियों और उनके परिजनों में विशेष उत्साह बना हुआ है।

फल, कंद-मूल और पारंपरिक प्रसाद से सजे डाला-सूप

छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाले डाला और सूप में पारंपरिक रूप से करीब 52 प्रकार की पूजन सामग्री रखी जाती है। इनमें गन्ना, सिंघाड़ा, आंवला, चकोतरा, नारियल, नींबू, अनार, संतरा, केला, सेब, हरी हल्दी, हरी अदरक, इमली, बेर, मूली, शकरकंद, अमरख, अरबी और नीम समेत विभिन्न फल, कंद-मूल और अन्य सामग्री शामिल होती है।

इसके अलावा कच्चे सूत की माला और करधनी भी रखी जाती है। पूजा के बाद इन सामग्रियों को प्रसाद के रूप में वितरित किया जाता है। छठ पर्व में प्रकृति से प्राप्त फल, सब्जियों और पारंपरिक सामग्रियों का विशेष महत्व है। इन्हीं सामग्रियों से सजे डाला और सूप के साथ व्रती महिलाएं सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर छठी मइया की आराधना करती हैं।

खबरें और भी हैं

Latest News

Chhath Puja News: पीलीभीत में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर व्रती महिलाओं ने की छठी मइया की आराधना Chhath Puja News: पीलीभीत में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर व्रती महिलाओं ने की छठी मइया की आराधना
पीलीभीत: लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को पीलीभीत में श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक उल्लास...
Ballia News: दरोगा संदीप प्रजापति आत्महत्या मामले में युवती गिरफ्तार, पत्नी की तहरीर पर पुलिस की कार्रवाई
Ballia News: ट्रेन की चपेट में आने से चितबड़ागांव थाने के 28 वर्षीय एसआई संदीप कुमार प्रजापति की मौत
Ballia Road Accident News: नगरा में पेड़ से टकराई कार, आईआईएम के असिस्टेंट मैनेजर समेत चार दोस्तों की मौत
छठ पर्व पर जरूरतमंद महिलाओं को साड़ी और आर्थिक सहायता, राजगृहि यादव व दीवान यादव की पहल की सराहना
Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.