- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News: दरोगा संदीप प्रजापति आत्महत्या मामले में युवती गिरफ्तार, पत्नी की तहरीर पर पुलिस की कार...
Ballia News: दरोगा संदीप प्रजापति आत्महत्या मामले में युवती गिरफ्तार, पत्नी की तहरीर पर पुलिस की कार्रवाई
बलिया: वाराणसी-छपरा रेलखंड पर ट्रेन की चपेट में आने से जान गंवाने वाले चितबड़ागांव थाने के उप निरीक्षक संदीप कुमार प्रजापति के मामले में बलिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दरोगा को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में 22 वर्षीय युवती रोली को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मृतक दरोगा की पत्नी की तहरीर पर दर्ज मुकदमे के आधार पर की गई है। गिरफ्तार युवती को विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय भेज दिया गया।
रेलवे ट्रैक पर मिला था दरोगा का शव
गौरतलब है कि संतकबीरनगर जिले के बरांव गांव निवासी संदीप कुमार पुत्र स्वर्गीय रामाश्रय प्रजापति वर्ष 2023 बैच के उप निरीक्षक थे। उनकी तैनाती पिछले करीब 11 महीने से चितबड़ागांव थाने में थी।
शनिवार की शाम संदीप ड्यूटी पर जाने के लिए अपनी बुलेट से निकले थे। वह धर्मापुर मार्ग पर थाने से करीब पांच किलोमीटर दूर धर्मापुर गांव से सटे नागपुर के पास पहुंचे। वहां रेलवे ट्रैक के किनारे बाइक खड़ी करने के बाद सारनाथ एक्सप्रेस की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना ट्रेन के लोको पायलट ने चितबड़ागांव स्टेशन मास्टर को मेमो के जरिए दी थी। घटनास्थल के पास दरोगा की बाइक और मोबाइल फोन मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। एसपी डॉ. ईरज राजा, एएसपी (दक्षिणी) संजय वर्मा, सीओ अक्षय कुमार और रेलवे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए थे।
संदीप कुमार विवाहित थे। उनके परिवार में मां, पत्नी और छह महीने का बच्चा है। उनकी मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पत्नी की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा
15 नवंबर को मृतक दरोगा की पत्नी ने चितबड़ागांव थाने में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उनके पति रोली नाम की युवती से परेशान होकर आत्महत्या कर लिए। पत्नी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवती की गिरफ्तारी के लिए प्रयास शुरू कर दिए।
इसी क्रम में चितबड़ागांव थानाध्यक्ष लालमणि सरोज पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मुकदमे से संबंधित अभियुक्ता रोली को रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक बगीचे से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार युवती के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया।
संदीप और रोली के बीच क्या था संबंध?
दरोगा संदीप कुमार प्रजापति की मौत और युवती की गिरफ्तारी के बाद मामले को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। संदीप और रोली के बीच क्या संबंध था? युवती पर दरोगा को परेशान करने के क्या आरोप हैं? आखिर किन परिस्थितियों में संदीप ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया?
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। इन सवालों के जवाब जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे।
