- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- छठ पर्व पर जरूरतमंद महिलाओं को साड़ी और आर्थिक सहायता, राजगृहि यादव व दीवान यादव की पहल की सराहना
छठ पर्व पर जरूरतमंद महिलाओं को साड़ी और आर्थिक सहायता, राजगृहि यादव व दीवान यादव की पहल की सराहना
मनियर (बलिया)। लोकआस्था के महापर्व डाला छठ के अवसर पर ग्राम पंचायत बंसवारिया के राजस्व ग्राम बहेलिया में सामाजिक सरोकार की सराहनीय पहल देखने को मिली। पूर्व प्रधान राजगृहि यादव और पूर्व प्रधान प्रतिनिधि एवं समाजसेवी दीवान यादव ने आर्थिक रूप से कमजोर, विधवा, दिव्यांग तथा स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं के बीच साड़ी, मिठाई और छठ पूजा के प्रसाद की खरीदारी के लिए आर्थिक सहायता वितरित की।
सांसद ने की सामाजिक पहल की सराहना
इस नेक कार्य की सराहना करते हुए सलेमपुर सांसद रमाशंकर राजभर विद्यार्थी ने पूर्व प्रधान राजगृहि यादव और पूर्व प्रधान प्रतिनिधि दीवान यादव को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं की मदद करना बेहद पुण्य और सराहनीय कार्य है। गरीबों एवं जरूरतमंदों की सेवा ही सच्ची समाजसेवा है। त्योहारों की खुशियां समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक पहुंचाना एक अनुकरणीय प्रयास है।
जरूरतमंदों की मदद का सिलसिला रहेगा जारी
पूर्व प्रधान राजगृहि यादव और समाजसेवी दीवान यादव ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, समर्पण और लोककल्याण का प्रतीक है। ऐसे पावन अवसर पर जरूरतमंद परिवारों के साथ खुशियां साझा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गरीबों, असहायों और जरूरतमंदों की सहायता का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
सहयोग प्राप्त करने वाली महिलाओं ने दोनों समाजसेवियों को ढेरों आशीर्वाद दिया। उल्लेखनीय है कि राजगृहि यादव और दीवान यादव द्वारा समय-समय पर सामाजिक कार्यों तथा जरूरतमंदों की मदद के लिए पहल की जाती रही है। उनकी इस पहल की ग्रामीणों ने भी सराहना की।
कार्यक्रम में श्यामबिहारी राजभर (पूर्व प्रधान जिगनी), विनोद कुमार यादव, गोरखनाथ यादव, डब्लू यादव, रामबेलास राजभर, वीर बहादुर राजभर, संदीप कुमार सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
