- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News: ट्रेन की चपेट में आने से चितबड़ागांव थाने के 28 वर्षीय एसआई संदीप कुमार प्रजापति की मौत...
Ballia News: ट्रेन की चपेट में आने से चितबड़ागांव थाने के 28 वर्षीय एसआई संदीप कुमार प्रजापति की मौत
बलिया: वाराणसी-छपरा रेलखंड पर ट्रेन की चपेट में आने से चितबड़ागांव थाने में तैनात 28 वर्षीय उप निरीक्षक संदीप कुमार प्रजापति की मौत हो गई। शनिवार की शाम हुई इस घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, हालांकि मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
घटना शाम करीब सात से आठ बजे के बीच की बताई जा रही है। ट्रेन के लोको पायलट ने चितबड़ागांव स्टेशन मास्टर को घटना की जानकारी देते हुए मेमो दिया था, जिसमें आत्महत्या की आशंका जताई गई थी। घटनास्थल के पास संदीप की बाइक और मोबाइल फोन मिलने से मामले की जांच महत्वपूर्ण हो गई है। पुलिस ने मोबाइल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सूचना मिलते ही एसपी डॉ. ईरज राजा, एएसपी (दक्षिणी) संजय वर्मा, सीओ अक्षय कुमार और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंच गई। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दो दिन पहले हुआ था स्थानांतरण
संदीप कुमार प्रजापति पुत्र स्वर्गीय रामाश्रय प्रजापति मूल रूप से संतकबीरनगर जिले के बरांव गांव के निवासी थे। वर्ष 2023 बैच के उप निरीक्षक संदीप पिछले 11 महीने से चितबड़ागांव थाने में तैनात थे। वह थाने के सामने ही किराये के कमरे में रहते थे।
बताया जा रहा है कि दो दिन पहले ही उनका चितबड़ागांव थाने से पकड़ी थाने में स्थानांतरण हुआ था। हालांकि, छठ पर्व के चलते उन्हें अभी पुराने तैनाती स्थल से कार्यमुक्त नहीं किया गया था।
परिवार में पत्नी और छह माह का बच्चा
संदीप कुमार विवाहित थे। उनके परिवार में मां, पत्नी और महज छह महीने का बच्चा है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। जवान उप निरीक्षक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
एसपी डॉ. ईरज राजा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन इसके पीछे के कारण अभी स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मोबाइल कॉल डिटेल, चैट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की वजह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
