- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia Road Accident News: नगरा में पेड़ से टकराई कार, आईआईएम के असिस्टेंट मैनेजर समेत चार दोस्तों क...
Ballia Road Accident News: नगरा में पेड़ से टकराई कार, आईआईएम के असिस्टेंट मैनेजर समेत चार दोस्तों की मौत
बलिया: नगरा थाना क्षेत्र के नेछुआडीह के पास शुक्रवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार दोस्तों की मौत हो गई। नगरा-बेल्थरारोड मार्ग पर तेज रफ्तार अनियंत्रित कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार आईआईएम उत्तराखंड के असिस्टेंट मैनेजर, एक निजी शिक्षक समेत चार युवकों की जान चली गई। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। छठ पूजा से पहले हुए इस हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोगों ने कार का दरवाजा तोड़कर सभी घायलों को बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नगरा पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने अभिषेक पटेल और कुनाल पासवान को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल गोलू ठाकुर और धनंजय पटेल को बेहतर इलाज के लिए मऊ स्थित उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों की भी मौत हो गई।
छह महीने पहले हुई थी अभिषेक की शादी
हादसे में जान गंवाने वाले अभिषेक पटेल आईआईएम उत्तराखंड में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। उनकी शादी महज छह महीने पहले हुई थी। कुनाल पासवान ने आईटीआई की पढ़ाई पूरी कर नौकरी की तैयारी शुरू की थी। वहीं, धनंजय पटेल निजी शिक्षक के रूप में कार्यरत थे और सरकारी शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे थे। गोलू ठाकुर भी वर्दी वाली नौकरी पाने के लिए प्रयासरत थे।
चार युवकों की असमय मौत से उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक साथ चार दोस्तों की मौत ने नगरा क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
