Moradabad News: संदिग्ध हालात में पेड़ से लटका मिला ऑटो चालक का शव, आत्महत्या की आशंका

बिलारी। मुरादाबाद के कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जसरथपुर पलिया में शुक्रवार सुबह एक ऑटो चालक का शव यूकेलिप्टस के पेड़ से संदिग्ध हालत में लटका मिला। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 35 वर्षीय जोगराज पुत्र कल्याण सिंह के रूप में हुई, जो जसरथपुर गांव का निवासी और पेशे से ऑटो चालक था। ग्रामीणों ने सुबह शव को पेड़ से लटका देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार तिवारी व कोतवाली प्रभारी अमरनाथ वर्मा मौके पर पहुंचे और जांच शुरू करवाई।

परिवार में मचा कोहराम, एक हफ्ते से था लापता

मृतक की पत्नी कमलेश और परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों के अनुसार जोगराज का हाल ही में मोहल्ले में किसी से विवाद हुआ था, जिसके बाद वह पिछले एक सप्ताह से घर नहीं लौटा था। गुरुवार सुबह उसका शव पेड़ से लटका मिला।

प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका, जांच जारी

कोतवाली प्रभारी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.