जीजा ने साली की हत्या कर शव जलाया, पुलिस ने बरामद किए अवशेष

Meerut News: मेरठ के सरधना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी साली की हत्या कर शव को जला दिया। पुलिस ने आरोपी जीजा को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर जली हुई खोपड़ी और हड्डियां बरामद की हैं।

प्रेम प्रसंग के शक में हत्या

मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना निवासी 21 वर्षीय प्रियंका का किसी के साथ प्रेम संबंध होने का शक था, जिससे मेरठ निवासी उसके जीजा आशीष नाराज था। इसी शक के चलते आशीष अपने दो साथियों के साथ 21 जनवरी को अपनी ससुराल पहुंचा और प्रियंका को घुमाने के बहाने जबरन अपने साथ ले गया।

गला घोंटकर हत्या, फिर शव जलाया

आरोपी आशीष ने पुलिस पूछताछ में कबूल किया कि उसने सरधना के जंगल में ले जाकर प्रियंका का गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव को गंगनहर किनारे जला दिया ताकि सबूत मिटाए जा सकें।

पिता ने दर्ज कराया अपहरण का मुकदमा

प्रियंका के कई दिन तक घर न लौटने पर उसके पिता ऋषिपाल ने पुलिस में दामाद आशीष और उसके दो साथियों के खिलाफ अपहरण की शिकायत दर्ज कराई। जब पुलिस ने मामले की जांच की और आशीष को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने पूरी वारदात कबूल कर ली।

पुलिस ने जले हुए अवशेष किए बरामद

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सरधना के गंगनहर किनारे से जली हुई खोपड़ी और हड्डियां बरामद की हैं। पूछताछ में आशीष ने बताया कि इस वारदात में उसके साथ सरधना के मंढियाई गांव के शुभम और दीपक भी शामिल थे।

आरोपी पुलिस की हिरासत में, आगे की जांच जारी

पुलिस ने मुख्य आरोपी आशीष को गिरफ्तार कर लिया है और उसके साथियों की तलाश जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.