- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- मथुरा
- मथुरा: यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, ट्रेलर से टकराई वोल्वो बस; चार यात्रियों की मौत, कई घायल
मथुरा: यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, ट्रेलर से टकराई वोल्वो बस; चार यात्रियों की मौत, कई घायल
मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में चार यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसा थाना राया क्षेत्र में माइलस्टोन 112-113 के बीच हुआ, जहां एक वोल्वो बस की आगे चल रहे ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), क्षेत्राधिकारी महावन और थाना राया पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। इसके साथ ही एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल मथुरा भेजा गया है। गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किए जाने की भी सूचना है।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा राहत एवं बचाव कार्य देर तक जारी रहा।
https://twitter.com/i/status/2071772716445896927
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि तेज रफ्तार और ट्रेलर से अचानक हुई टक्कर हादसे की वजह हो सकती है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
