- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- समीक्षा अधिकारी परीक्षा का पेपर लीक कराने वाला गिरफ्तार
समीक्षा अधिकारी परीक्षा का पेपर लीक कराने वाला गिरफ्तार
लखनऊ। एसटीएफ यूपी को समीक्षा अधिकारी व सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा-2023 का पेपर लीक कराने वाले गैंग के एक सदस्य को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई। अभियुक्त का नाम अमित सिंह पुत्र स्व. शिवभूम सिंह निवासी इंदिरा नगर थाना गाजीपुर लखनऊ, मूल पता पांडे चौरा, पूरे वैस पुरवा थाना करनैलगंज गोण्डा है। एसटीएफ ने इसके कब्जे से एक मोबाइल भी बरामद किया है। समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा-2023 का प्रश्न पत्र आउट होने व विभिन्न माध्यमों से वायरल होने की सूचनाओं, तथ्यों के आधार पर शासन द्वारा परीक्षा निरस्त कर सम्पूर्ण पेपर लीक प्रकरण की जांच एसटीएफ यूपी को आवंटित की गयी।
राजीव नयन ने पूछताछ में यह भी बताया था कि उसने समीक्षा अधिकारी व सहायक समीक्षा अधिकारी का पेपर 25 लाख में डा. शरद सिंह को बेचा था। अमित सिंह उपरोक्त ने पूछताछ पर बताया कि वह गोमतीनगर में कामर्स की कोचिंग चलाता था। उसी दौरान दीपक दुबे बलिया के माध्यम से राजीव नयन उर्फ राहुल मिश्रा निवासी प्रयागराज से सम्पर्क हुआ। अमित सिंह ने राजीव नयन को टीजीटी परीक्षा-2020-21 का पेपर पढ़ाने के लिए 20 लाख दिया था। उसके बाद से कई भर्ती परीक्षाओं में राजीव नयन को कैण्डिडेट उपलब्ध करा चुका है। राजीव नयन ने पुलिस भर्ती व आरओ व एआरओ भर्ती परीक्षा 2023 में पेपर आउट कराने के लिये कहा था तथा अमित सिंह से अभ्यर्थियों की व्यवस्था करने के लिये बोला था। राजीव नयन ने बताया था कि सभी अभ्यर्थियों को लखनऊ और प्रयागराज में पेपर का उत्तर पढ़ाया जायेगा।
उक्त परीक्षा के पेपर के बदले डा. शरद सिंह से 15 लाख रुपए प्रति अभ्यर्थी देना तय हुआ था। प्रारंभिक परीक्षा जो 11 फरवरी 2024 को होनी थी उसके पहले प्रति अभ्यर्थी 2 लाख रुपए देना तय हुआ था, शेष पैसा काम होने के बाद देना था। सभी लड़कों को राजीव नयन मिश्र के नैनी प्रयागराज स्थित आरोग्यम हास्पिटल में ले जाकर पेपर पढवाया गया था। आरोग्यम हास्पिटल का मालिक राजीव नयन ही है। बाकी लड़कों के लिये राहुल ने बताया था कि डा. शरद सिंह से सम्पर्क करें। डा. शरद अपनी वरना कार व अन्य गाड़ियों में प्लासियो माल के पास अभ्यर्थियों को बैठाकर लगभग दो घंटे तक पेपर पढ़ाया व लड़कों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया।
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा-2023 के पेपर लीक के सम्बन्ध में पूछने पर बताया कि उसने करीब 40 अभ्यर्थियों की व्यवस्था किया था जिनको राजीव नयन उर्फ राहुल मिश्रा के खास सहयोगी पुष्कर पांडेय अभ्यर्थियों को बस से रीवा लेकर गया। 16 फरवरी 2024 को दिन में शिव शक्ति रिसार्ट में सभी अभ्यर्थियों को पेपर पढवाया गया था। उसी दिन राजीव नयन उर्फ राहुल मिश्रा के पैसा मांगने पर अमित सिंह उपरोक्त ने अपने चचेरे भाई विजय प्रताप सिंह पुत्र अमरेश बहादुर सिंह निवासी पांडे चौरा, वैस पुरवा थाना करनैलगंज गोण्डा से बात करके तत्काल जरूरत बताकर पांच लाख रुपए राजीव नयन उर्फ राहुल मिश्रा के दिये हुए खाते में ट्रांसफर करा दिया था। यह पैसा आरओ व एआरओ भर्ती परीक्षा के पेपर के एवज में दिया था।
शेष पैसा बाद में देने की बात हुई थी। रीवा रिसार्ट में राजीव नयन मिश्र, कामेंश्वर मौर्या, पुष्कर पाण्डेय व अन्य कई लोग थे। अमित सिंह उपरोक्त से प्राप्त जानकारी के आधार पर जिस खाते में पांच लाख रुपए ट्रांसफर करने की बात बतायी गयी उसकी पुष्टि हुई। अमित सिंह उपरोक्त से पूछताछ एवं प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर समीक्षा अधिकारी व सहायक समीक्षा अधिकारी (प्रारम्भिक) परीक्षा 2023 एवं पुलिस भर्ती परीक्षा-2023 के पेपर लीक कराया गया तथा परीक्षा की सुचिता भंग की गई है। जिस आधार पर अमित सिंह को हिरासत में लिया गया। अमित सिंह सीटेट परीक्षा पेपर आउट कराने के सम्बन्ध में जनवरी 2023 में थाना कंकरखेड़ा मेरठ से जेल जा चुका है।
