- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- अमरोहा
- Amroha : विधि-विधान से हुआ होलिका पूजन, देर रात जिलेभर में हुआ होलिका दहन
Amroha : विधि-विधान से हुआ होलिका पूजन, देर रात जिलेभर में हुआ होलिका दहन
अमरोहा: होली पर्व के अवसर पर सोमवार को जिलेभर में परंपरागत श्रद्धा और उल्लास के साथ होलिका पूजन एवं दहन संपन्न हुआ। दोपहर में महिलाओं ने विधि-विधान से होलिका की पूजा कर परिवार में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। देर रात शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित स्थानों पर होलिका दहन किया गया।
होली को लेकर बाजारों में दिनभर खरीदारी की चहल-पहल रही। महिलाएं पूजन के दौरान एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं देती नजर आईं। वहीं युवाओं और बच्चों में त्योहार को लेकर खासा उत्साह देखा गया।
दुल्हंडी की तैयारियां पूरी
जिले में 4 मार्च को दुल्हंडी पर्व रंग-गुलाल के साथ मनाया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। दुल्हंडी के दिन पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी और चौराहों पर बल तैनात रहेगा। अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
गजरौला में रहा उत्सव का माहौल
गजरौला में भी होली का उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने मंदिरों में पूजा-अर्चना की और होलिका माता को अर्घ्य दिया। इंदिरा चौक, गंगा प्याऊ मंदिर, बस्ती मार्ग, खाद गूजर चौराहा और रेलवे स्टेशन रोड समेत कई इलाकों में मेले जैसा माहौल रहा। दोपहर से ही लोग रंग-गुलाल में सराबोर नजर आए। पुलिस टीमों ने दिनभर गश्त कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
