- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- मेरठ की राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पाल हत्याकांड पर मायावती ने जताया दुख, दोषियों पर कड़ी कार्...
मेरठ की राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पाल हत्याकांड पर मायावती ने जताया दुख, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने मेरठ की राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पाल की कथित हत्या पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे बेहद चिंताजनक और समाज को झकझोर देने वाली घटना बताया है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मामले में शामिल सभी दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
गौरतलब है कि मेरठ में एक नाले से बरामद कंकाल के अवशेषों को अनुष्का पाल का बताया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, मामले की पुष्टि के लिए डीएनए परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस ने अवशेषों के नमूने एकत्र कर लिए हैं और उसके माता-पिता के नमूने भी जांच के लिए भेजे गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, दौराला क्षेत्र के चिरौड़ी गांव निवासी नेमपाल ने अपनी 17 वर्षीय बेटी अनुष्का उर्फ रिया के 16 अप्रैल से लापता होने की शिकायत 28 अप्रैल को कंकरखेड़ा थाने में दर्ज कराई थी। अनुष्का 12वीं की छात्रा होने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी भी थी और पढ़ाई तथा खेल अभ्यास के लिए पिछले नौ महीने से शोभापुर बाईपास स्थित किराये के मकान में रह रही थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि कंकरखेड़ा क्षेत्र में फास्ट फूड की दुकान पर काम करने वाले एक व्यक्ति ने रुपयों के लेनदेन के विवाद में कथित तौर पर अनुष्का की हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने श्याम धानक (42) नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
