- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- गोरखपुर
- गोरखपुर में जनता दर्शन के दौरान सीएम योगी ने सुनीं 200 लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए सख्त निर...
गोरखपुर में जनता दर्शन के दौरान सीएम योगी ने सुनीं 200 लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिया कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने जरूरतमंदों को आवास सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को उपचार के लिए हरसंभव आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। साथ ही लोगों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन करने की अपील भी की।
मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में प्राप्त प्रार्थना पत्रों को संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को भेजते हुए निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान कुछ लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंद मरीजों के उच्चस्तरीय उपचार के लिए अनुमानित व्यय (एस्टीमेट) शीघ्र तैयार कर उपलब्ध कराया जाए।
जनता दर्शन में जौनपुर से आई एक महिला ने एक गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) पर फर्जी प्रमाणपत्र जारी करने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वहीं, जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि यदि कोई दबंग किसी की भूमि पर कब्जा करता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
