- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- UP ATS की बड़ी कार्रवाई : आजमगढ़ से संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, पाकिस्तानी नेटवर्क और आईएसआई से जुड़े हो...
UP ATS की बड़ी कार्रवाई : आजमगढ़ से संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, पाकिस्तानी नेटवर्क और आईएसआई से जुड़े होने का आरोप
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने आजमगढ़ से एक कथित संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है। एटीएस के अनुसार आरोपी मोहम्मद शेख अहमद पर पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आईएसआई के लिए काम करने का आरोप है। उसके कब्जे से नौ एमएम पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
जांच के दौरान आजमगढ़ जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र के खुदादादपुर, पोस्ट संजरपुर निवासी मोहम्मद शेख अहमद का नाम सामने आया। एटीएस के अनुसार वह पाकिस्तान और दुबई के नंबरों के जरिए व्हाट्सएप व अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शहजाद भट्टी के नेटवर्क से संपर्क में था। जांच में यह भी सामने आया कि उसे अजमल गुर्जर और रजा पाकिस्तानी नामक व्यक्तियों से भी निर्देश मिल रहे थे।
एटीएस का दावा है कि आरोपी जिहाद से संबंधित विचारों का प्रचार करता था और अन्य युवाओं को भी इस नेटवर्क से जोड़ने का प्रयास कर रहा था। आरोप है कि नेटवर्क के संचालकों ने उसे एक राजनीतिक दल की महिला नेता को धमकाने और उनकी हत्या करने की जिम्मेदारी दी थी। इसके बदले उसे बड़े मिशन में शामिल करने का आश्वासन दिया गया था।
जांच एजेंसी के अनुसार आरोपी ने इस कथित साजिश को अंजाम देने के लिए नौ एमएम पिस्टल और चार कारतूस का इंतजाम कर लिया था। साथ ही वह अपने आसपास के युवाओं को भी नेटवर्क में शामिल करने की कोशिश कर रहा था।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद एटीएस ने मोहम्मद शेख अहमद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 148, 152, 61(2), शस्त्र अधिनियम की धारा 3/25 तथा गैरकानूनी गतिविधियां (निवारण) अधिनियम (यूएपीए) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
एटीएस ने आरोपी को रविवार को आजमगढ़ से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। एजेंसी अब उससे गहन पूछताछ के लिए अदालत से पुलिस रिमांड की मांग करेगी, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
