- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- खाना बनाते समय लगी आग, चार झोपड़ियां राख; दो लाख नकदी समेत गृहस्थी का सामान स्वाहा
खाना बनाते समय लगी आग, चार झोपड़ियां राख; दो लाख नकदी समेत गृहस्थी का सामान स्वाहा
बलिया। बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के डुहिमुसी गांव में रविवार देर रात खाना बनाते समय लगी आग से एक ही परिवार की चार रिहायशी झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। हादसे में अनाज, कपड़े, साइकिल और करीब दो लाख रुपये की नकदी सहित गृहस्थी का सारा सामान नष्ट हो गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया है।
पशुपति नाथ सिंह ने बताया कि उन्होंने हाल ही में गेहूं और आम का बगीचा बेचकर करीब दो लाख रुपये नकद घर में रखे थे। आग इतनी तेजी से फैली कि घर के अंदर रखा अनाज, ड्रम में भरा चावल और गेहूं, कपड़े, साइकिल तथा नकदी बाहर निकालने का मौका नहीं मिल सका। देखते ही देखते सब कुछ जलकर राख हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गृहस्थी का अधिकांश सामान नष्ट हो चुका था।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और मुआवजा दिलाने की मांग की है।
