Lucknow News: पत्नी ने साथ रहने से किया इनकार, तो पति ने उठाया खौफनाक कदम, पड़ोसी भी रह गए हैरान

लखनऊ: लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद के चलते अलग रह रही पत्नी पर पति ने चाकू से हमला कर दिया और फिर खुद को भी घायल कर लिया। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और दोनों को खून से लथपथ देखा। पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को एसजीपीजीआई के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है।

बिजनौर में किराए के मकान में दो बच्चों के साथ रह रही महिला रानी का पति रमेश कश्यप से विवाद चल रहा है। रानी, सीतापुर जिले के लहरपुर थाना क्षेत्र के केसरीगंज की रहने वाली है, जबकि रमेश लखीमपुर खीरी के जुमनिया गांव का निवासी है। तलाक का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। दंपती के चार बच्चों में से दो रानी के साथ और दो रमेश के साथ रहते हैं।

यह भी पढ़े - मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव का निधन, राजनीतिक गलियारों में शोक

महिला ने पुलिस को बताया कि रमेश उस पर लगातार दबाव बना रहा था कि वह लखनऊ छोड़कर उसके साथ गांव में आकर रहे। रमेश अक्सर फोन पर उससे बदसलूकी भी करता था।

मंगलवार सुबह करीब पांच बजे रमेश अपनी पत्नी को घर ले जाने के लिए उसके पास पहुंचा। लेकिन रानी ने साथ जाने से मना कर दिया। दोनों के बीच इस बात को लेकर बहस होने लगी। गुस्से में आकर रमेश ने किचन से चाकू उठा लिया और रानी पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। इसके बाद रमेश ने खुद को भी चाकू मार लिया।

पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना

घटना के बाद रानी की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। उन्होंने दंपती को लहूलुहान देखा और तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया।

प्रभारी निरीक्षक अरविंद राणा ने बताया कि रानी के मायकेवालों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.