- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- Lucknow News: आधी रात एडीजी के बेटे ने सिपाही को पीटा, वर्दी फाड़ी; मामला दबाने की कोशिश, तीन आरोपिय...
Lucknow News: आधी रात एडीजी के बेटे ने सिपाही को पीटा, वर्दी फाड़ी; मामला दबाने की कोशिश, तीन आरोपियों को थाने से ही जमानत
लखनऊ: राजधानी लखनऊ में बीती 29 मई की रात एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जहां स्टेडियम पुलिस चौकी के पास इनोवा कार में मौजूद चार युवकों ने पुलिस हस्तक्षेप के बाद सिपाही से मारपीट की और उसकी वर्दी तक फाड़ दी। आरोप है कि इन युवकों में से एक कोई और नहीं, बल्कि एक वरिष्ठ एडीजी का बेटा था, जिसे बाद में उसके माता-पिता थाने से लेकर चले गए। पुलिस ने तहरीर में उसका नाम तक नहीं जोड़ा और बाकी तीन आरोपियों को थाने से ही जमानत दे दी।
चारों युवक सिपाही को खींचकर स्टेडियम पुलिस चौकी में ले गए, वहां उसकी पिटाई की और वर्दी फाड़ दी। चौकी में रखे सरकारी सामान को भी नुकसान पहुंचाया गया। जब सिपाही ने विरोध किया, तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई और दोबारा पीटा गया। हंगामा सुनकर हजरतगंज कोतवाली से पुलिस मौके पर पहुंची और सिपाही को किसी तरह छुड़ाया गया।
इस दौरान आरोपी युवक का पिता, एडीजी स्तर का अधिकारी, अपनी पत्नी के साथ कोतवाली पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक, वहां एडीजी की पत्नी ने रात्रि अधिकारी से भी अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद वह अपने बेटे को इनोवा कार में बैठाकर ले गए। घटना के बाद पुलिस ने जयप्रकाश सिंह, अभिषेक चौधरी और सुमित कुमार नामक तीन आरोपियों पर एफआईआर दर्ज की, लेकिन उन्हें कोतवाली से ही निजी मुचलके पर जमानत मिल गई।
सिपाही अर्जुन चौरसिया की तहरीर में चौथे युवक का नाम नहीं है, हालांकि उन्होंने बताया कि पुलिस आने पर एक युवक इनोवा लेकर फरार हो गया। सिपाही का यह भी कहना है कि चारों युवक नशे की हालत में थे।
इस पूरे मामले में एडीजी के बेटे का नाम न तो एफआईआर में दर्ज किया गया और न ही पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी की कोई पहल की। विभागीय अधिकारी से जुड़े होने के कारण पुलिस की भूमिका सवालों के घेरे में है। डीसीपी मध्य आशीष कुमार श्रीवास्तव ने मामले की जांच की बात कही है, लेकिन अब तक किसी ठोस कार्रवाई के संकेत नहीं मिले हैं।
