- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- Lucknow News: निर्माणाधीन मकान में मजदूर की पीट-पीटकर हत्या, साथी मजदूरों से पूछताछ जारी
Lucknow News: निर्माणाधीन मकान में मजदूर की पीट-पीटकर हत्या, साथी मजदूरों से पूछताछ जारी
लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के सेक्टर-सी में एक निर्माणाधीन मकान में शुक्रवार रात मजदूर रमेश कुमार (40) की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। अगली सुबह जब साथी मजदूर काम पर पहुंचे तो रमेश का शव लहूलुहान हालत में मिला। पुलिस को सूचना दी गई, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शक के आधार पर पुलिस ने मजदूरों के कुछ साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
शनिवार सुबह जब साथी मजदूर वहां पहुंचे, तो उन्होंने रमेश को खून से लथपथ मृत अवस्था में पाया। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने रमेश के परिजनों को घटना की जानकारी दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुरुआती जांच में मजदूर की पीट-पीटकर हत्या की पुष्टि हुई है।
पहले काम करने वाले मजदूर पर शक
साथी मजदूरों ने बताया कि शुक्रवार शाम आजमगढ़ के मवई गांव निवासी एक मजदूर निर्माण स्थल पर आया था। इस दौरान रमेश से उसका विवाद हुआ। जानकारी के मुताबिक, वह मजदूर पहले भी इस मकान पर काम करता था, लेकिन कुछ समय पहले काम छोड़कर गांव लौट गया था।
आशंका जताई जा रही है कि विवाद के चलते उसने रमेश की हत्या कर दी। पुलिस आरोपी मजदूर की तलाश कर रही है।
गोसाईंगंज एसीपी किरण यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मजदूरों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है। प्राथमिक तौर पर एक पुराने मजदूर पर हत्या का शक है। जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।
