- Hindi News
- भारत
- 'गोल्डन इम्पैक्ट अचीवर अवॉर्ड्स-3' के लिए निःशुल्क नामांकन शुरू, समाज बदलने वाले गुमनाम नायकों को मि...
'गोल्डन इम्पैक्ट अचीवर अवॉर्ड्स-3' के लिए निःशुल्क नामांकन शुरू, समाज बदलने वाले गुमनाम नायकों को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान
इंदौर। समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले गुमनाम परिवर्तनकर्ताओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से '2030 का भारत' ने 'गोल्डन इम्पैक्ट अचीवर अवॉर्ड्स-3 (GIAA-3)' के लिए निःशुल्क नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस सम्मान के तहत क्वालिटी एजुकेशन, जीरो हंगर और अफोर्डेबल एंड क्लीन एनर्जी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
'2030 का भारत' के संस्थापक डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि देश का वास्तविक विकास उन लोगों के प्रयासों से होता है, जो दूसरों के जीवन में आशा और परिवर्तन लाने के लिए समर्पित रहते हैं। उन्होंने कहा कि गोल्डन इम्पैक्ट अचीवर अवॉर्ड्स ऐसे प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को सम्मानित करने और उनके कार्यों को समाज के सामने लाने का प्रयास है।
डॉ. मलिकराम ने बताया कि यह इस सम्मान का तीसरा संस्करण है। इससे पहले आयोजित दो संस्करणों में सात हिंदीभाषी राज्यों के 21 समाजसेवियों और परिवर्तनकर्ताओं को उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया जा चुका है।
आयोजन समिति ने नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं और संगठनों से अपील की है कि यदि उनके संज्ञान में कोई ऐसा व्यक्ति है, जो शिक्षा, भूखमुक्त समाज या स्वच्छ एवं सस्ती ऊर्जा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा हो, तो उसका नामांकन अवश्य भेजें। सभी प्राप्त नामांकनों का विशेषज्ञ समिति द्वारा मूल्यांकन किया जाएगा और चयनित व्यक्तियों को गोल्डन इम्पैक्ट अचीवर अवॉर्ड्स-3 से सम्मानित किया जाएगा।
संस्था ने स्पष्ट किया है कि नामांकन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है।
