Lakhimpur Kheri News: फाइनेंस एजेंट ने बुजुर्ग से की अभद्रता, कहा – बेटी की शादी मुझसे करा दो, किस्त भर दूंगा! मामला दर्ज

लखीमपुर खीरी। थाना भीरा क्षेत्र में एक बुजुर्ग व्यक्ति की बाइक की अंतिम किस्त समय पर न भर पाने पर फाइनेंस कंपनी के वसूली एजेंट ने न सिर्फ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, बल्कि एक शर्मनाक शर्त भी रख दी। आरोपी ने बुजुर्ग से कहा कि अगर वह अपनी बेटी की शादी उससे करा दें, तो वह खुद अपनी जेब से उनकी अंतिम किस्त जमा कर देगा। यह मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है।

बुजुर्ग ने बताई आपबीती

थाना भीरा के गांव सेमरिया निवासी श्रीपाल ने बताया कि उन्होंने एचएफ डीलक्स बाइक फाइनेंस कराई थी, लेकिन भूलवश अंतिम किस्त जमा करने में थोड़ी देरी हो गई। इसी बात पर फाइनेंस एजेंट आहीम खान ने 15 फरवरी को दोपहर करीब 1:30 बजे उन्हें कॉल कर गाली-गलौज की और बेइज्जत किया।

यह भी पढ़े - लखीमपुर खीरी में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और मैजिक की टक्कर में 10 लोगों की मौत

आरोपी ने यहां तक कह डाला कि "अगर अपनी बेटी की शादी मुझसे करा दो, तो मैं खुद तुम्हारी आखिरी किस्त जमा कर दूंगा।" इसके अलावा उसने बुजुर्ग को बुढ़ा-बुढ़ा कहकर अपमानित किया, गंदी गालियां दीं और धमकी दी कि वह उन्हें मार देगा या घर से उठा ले जाएगा।

श्रीपाल ने बताया कि वह गांव और समाज के सम्मानित व्यक्ति हैं और उन्होंने बाकी सारी किश्तें समय पर जमा की थीं। चूक से हुई देर के लिए वह हर्जाना देने को भी तैयार थे, लेकिन इसके बावजूद एजेंट ने बेहद अमर्यादित व्यवहार किया।

परिवार में दहशत, ऑडियो हुआ वायरल

इस घटना के बाद से पीड़ित और उनका परिवार बेहद डर और मानसिक तनाव में है। वहीं, पीड़ित और वसूली एजेंट के बीच हुई बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पीड़ित ने थाना भीरा पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। प्रभारी निरीक्षक पुष्प राज कुशवाहा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.