Gonda News: श्रद्धालुओं से भरा वाहन अनियंत्रित होकर पलटा, 9 घायल, 6 की हालत गंभीर

नवाबगंज/गोंडा। लखनऊ से मसकनवा जा रही श्रद्धालुओं से भरी मैक्सिमो गाड़ी गुरुवार तड़के कटरा भोगचंद किशुनदासपुर मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 9 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। दुर्घटना का कारण घना कोहरा बताया जा रहा है।

बुधवार को मैक्सिमो गाड़ी लखनऊ से अखबार लेकर गोंडा के मनकापुर और मसकनवा के लिए रवाना हुई थी। गुरुवार तड़के जब यह गाड़ी अयोध्या पहुंची, तो दर्जनभर श्रद्धालु उसमें सवार हो गए। वाहन जब कटरा भोगचंद किशुनदासपुर के रास्ते मनकापुर जा रहा था, तब रेलवे क्रॉसिंग के पास एक मोड़ पर चालक घने कोहरे की वजह से मोड़ को देख नहीं सका और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।

यह भी पढ़े - टैंकर की टक्कर से दंपति और बेटे की मौत, चालक फरार

स्थानीय लोगों ने की मदद

दुर्घटना के बाद चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को बाहर निकाला और एम्बुलेंस के जरिए नवाबगंज सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायलों को अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

घायलों की स्थिति

सीएचसी अधीक्षक डॉ. विनियेश त्रिपाठी ने बताया कि गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं में –

  • सुंदर और उनकी पत्नी मंजू
  • अटल बिहारी और गेंदा देवी (निवासी दतौली बाजार)
  • रीता देवी (निवासी मनकापुर)
  • मंजू (पत्नी परशुराम, निवासी धानेपुर)

इनकी हालत गंभीर होने के कारण उन्हें अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। वहीं, राजेश, नंदलाल और फूलचंद को मामूली चोटें आईं, जिनका प्राथमिक इलाज कर घर भेज दिया गया।

पुलिस ने लिया संज्ञान

प्रभारी निरीक्षक निर्भय नारायण सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायलों को इलाज के लिए अयोध्या मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जबकि मैक्सिमो वाहन को सीधा करवाकर वापस भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं

Latest News

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.