Gonda News: केवाईसी कराने बैंक जा रही महिला की सड़क हादसे में मौत, बेटे की जान बची

मनकापुर/गोंडा। बैंक में केवाईसी (KYC) कराने निकली एक महिला की तेज रफ्तार कार की टक्कर से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में महिला का बेटा बाल-बाल बच गया।

बलरामपुर जिले के रेहरा बाजार थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव निवासी वीरेंद्र कुमार की पत्नी नीता (35) शुक्रवार को अपने बेटे रोहित के साथ बाइक से दतौली स्थित भारतीय स्टेट बैंक में केवाईसी कराने गई थीं।

शाम को वापस लौटते समय कुडासन बाजार चौराहे के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नीता सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसका बेटा रोहित किसी तरह बच गया।

राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायल महिला को मनकापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही नीता ने दम तोड़ दिया। कोतवाली प्रभारी मनोज पाठक ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी तक परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.