- Hindi News
- भारत
- एपीएसईजेड के कोलंबो टर्मिनल की क्षमता हुई दोगुनी, 750 मिलियन डॉलर के निवेश से 3.2 मिलियन TEU तक विस्...
एपीएसईजेड के कोलंबो टर्मिनल की क्षमता हुई दोगुनी, 750 मिलियन डॉलर के निवेश से 3.2 मिलियन TEU तक विस्तार
कोलंबो, 1 अक्टूबर 2026: अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन (APSEZ) के कोलंबो वेस्ट इंटरनेशनल टर्मिनल (CWIT) के फेज-II विस्तार का उद्घाटन श्रीलंका की प्रधानमंत्री डॉ. हरिनी अमरसूर्या ने किया। करीब 750 मिलियन अमेरिकी डॉलर के निवेश से हुए इस विस्तार के बाद टर्मिनल की वार्षिक क्षमता 1.6 मिलियन से बढ़कर 3.2 मिलियन TEU हो गई है।
एक साथ तीन बड़े कंटेनर जहाजों की क्षमता
क्षमता बढ़ने के बाद CWIT एक साथ तीन अल्ट्रा-लार्ज कंटेनर वेसल्स को बर्थ कर सकेगा। इससे ईस्ट-वेस्ट ट्रेड रूट पर कोलंबो की ट्रांसशिपमेंट क्षमता को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
श्रीलंका की प्रधानमंत्री डॉ. हरिनी अमरसूर्या ने कहा कि CWIT की सफलता मजबूत साझेदारी और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के जरिए श्रीलंका की क्षमता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि टर्मिनल का विस्तार रोजगार, अंतरराष्ट्रीय कारोबार और प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के साथ श्रीलंका को हिंद महासागर के प्रमुख मैरीटाइम और लॉजिस्टिक्स हब के रूप में मजबूत करने में योगदान देगा।
APSEZ के पूर्णकालिक निदेशक और CEO अश्वनी गुप्ता ने कहा कि 750 मिलियन डॉलर के निवेश से क्षमता को दोगुना कर 3.2 मिलियन TEU करना कंपनी और वैश्विक शिपिंग कंपनियों के भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि बढ़ी हुई क्षमता, ऑटोमेटेड सिस्टम और डीप-वॉटर इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ CWIT कोलंबो के प्रमुख ट्रांसशिपमेंट गेटवे के रूप में काम करने और श्रीलंका के एग्जिम कार्गो को सुविधा देने के लिए तैयार है।
जॉन कील्स ग्रुप के चेयरपर्सन कृष्ण बालेंद्र ने कहा कि केवल 18 महीनों में 2 मिलियन TEU संभालना CWIT की परिचालन क्षमता और साझेदारी की सफलता को दर्शाता है। उनके मुताबिक, विस्तार के बाद कोलंबो को प्रमुख ट्रांसशिपमेंट हब के रूप में और मजबूत करने के अवसर बढ़ेंगे।
पूरी तरह ऑटोमेटेड और इलेक्ट्रिफाइड टर्मिनल
CWIT श्रीलंका का पहला पूरी तरह ऑटोमेटेड डीप-वॉटर कंटेनर टर्मिनल है। इसे दुनिया के बड़े कंटेनर जहाजों को संभालने के लिए तैयार किया गया है। टर्मिनल का संचालन पूरी तरह इलेक्ट्रिफाइड है और कंपनी के अनुसार यहां टेलपाइप उत्सर्जन शून्य है।
CWIT अब तक 1.7 करोड़ सुरक्षित कार्य घंटे पूरे कर चुका है। कंपनी के अनुसार यह उपलब्धि टर्मिनल की सुरक्षा व्यवस्था, कर्मचारियों की क्षमता तथा परिचालन और पर्यावरणीय प्रदर्शन को दर्शाती है।
