Fatehpur News: फतेहपुर में मुठभेड़, 29 मुकदमों का अपराधी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

फतेहपुर: जिले में लंगड़ा ऑपरेशन के तहत पुलिस और कुख्यात अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें अपराधी को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया और उसके पास से तमंचा, कारतूस और पांच किलो गांजा बरामद किया।

मुठभेड़ का घटनाक्रम

देर रात इंटेलिजेंस विंग और जहानाबाद पुलिस की संयुक्त टीम रिंद नदी पुल के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आता दिखा। पुलिस ने जब उसे रोकने का प्रयास किया, तो वह बाइक मोड़कर भागने लगा। कुछ दूरी पर, पाताली देवी मंदिर के करीब 200 मीटर आगे उसकी बाइक फिसलकर गिर गई।

इसके बाद पुलिस ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। खुद को घिरता देख अपराधी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिससे जहानाबाद थाना क्षेत्र के लालूगंज कस्बे का रहने वाला कुख्यात अपराधी श्यामबाबू उर्फ हब्बू के पैर में गोली लग गई।

बरामदगी और आगे की कार्रवाई

पुलिस ने घायल अपराधी को इलाज के लिए जहानाबाद सीएचसी में भर्ती कराया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक तमंचा, कारतूस और एक बैग में पांच किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, श्यामबाबू उर्फ हब्बू के खिलाफ विभिन्न जिलों के अलग-अलग थानों में 29 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.