Etawah News: SBI बैंक में चोरी करने वाले आरोपी से मुठभेड़, पुलिस ने छह को दबोचा

इटावा। लवेदी थाना क्षेत्र में स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) शाखा में चोरी करने वाले आरोपियों को पकड़ने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार सुबह बहादुरपुर के एक बंद पड़े ईंट भट्ठे के पास मुठभेड़ के बाद छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान एक आरोपी पुलिस की गोली से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बैंक से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और DVR की चोरी

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि 26 जनवरी को SBI लवेदी शाखा प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह यादव ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर बैंक से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और DVR चोरी कर ले गए। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश के लिए तीन टीमें गठित कीं।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश दी

गुरुवार रात लवेदी पुलिस बहादुरपुर गांव में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ युवकों ने SBI बैंक लवेदी से चोरी किए गए सामान और नई बैटरियां बहादुरपुर के एक पुराने भट्ठे में छिपाकर रखी हैं और उसे बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत मौके पर दबिश दी और पांच बाल अपचारियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल

इसी दौरान एक आरोपी अपाचे बाइक से डबहा गांव की ओर भागने लगा। पुलिस ने जब उसका पीछा किया, तो उसने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से आरोपी घायल हो गया और जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

आरोपियों से बरामद हुआ चोरी का सामान

पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के पास से बैंक से चोरी किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, DVR, एक बाइक और तमंचा-कारतूस बरामद किया।

गिरफ्तार आरोपी और पुलिस टीम को इनाम

पुलिस पूछताछ में घायल आरोपी की पहचान अंकित चौहान (पुत्र अनिल सिंह, निवासी बलोय, थाना लवेदी) के रूप में हुई। उसके साथ पकड़े गए पांचों आरोपी बाल अपचारी हैं।

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने चोरी के आरोपियों को पकड़ने वाली पुलिस टीम को 10,000 रुपये इनाम देने की घोषणा की। पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं

Latest News

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.