Etawah News : फेसबुक पोस्ट से टली युवक की आत्महत्या, मेटा अलर्ट के बाद पुलिस ने 9 मिनट में बचाई जान

लखनऊ/इटावा। इटावा जिले के जसवंतनगर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर आत्महत्या संबंधी पोस्ट डालने वाले युवक की जान पुलिस ने महज नौ मिनट में बचा ली। युवक की फेसबुक पोस्ट पर मेटा कंपनी द्वारा अलर्ट भेजे जाने के बाद डीजीपी मुख्यालय और इटावा पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई।

जानकारी के अनुसार 38 वर्षीय युवक ने अपनी पत्नी के साथ फोटो साझा करते हुए फेसबुक पर लिखा था, “मैं हार गया हूं भैया, मैं क्लेश सहन नहीं कर सकता। आज मैं अपनी जिंदगी खत्म कर रहा हूं। सभी से हाथ जोड़कर विनती है, मुझसे हुई गलती को माफ कर देना।”

यह पोस्ट सामने आते ही 22 मई 2026 की रात 12:31 बजे मेटा कंपनी की ओर से डीजीपी कार्यालय स्थित सोशल मीडिया सेंटर को ई-मेल के जरिए अलर्ट भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीजीपी राजीव कृष्ण ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

मुख्यालय के सोशल मीडिया सेंटर ने अलर्ट में उपलब्ध मोबाइल नंबर के आधार पर युवक की लोकेशन ट्रेस कर तुरंत इटावा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जसवंतनगर थाना पुलिस सक्रिय हो गई।

उप निरीक्षक और पुलिस टीम महज नौ मिनट के भीतर युवक के घर पहुंच गई। वहां परिजनों ने बताया कि युवक कुछ देर पहले ही घर से बाहर निकला है। इसके बाद पुलिसकर्मी तुरंत उसकी तलाश में निकल पड़े और कुछ दूरी पर युवक को जाते हुए देख लिया।

पुलिस ने युवक को रोककर समझाया और सुरक्षित घर वापस ले आई। बाद में युवक ने बताया कि वह स्नातक है और फोटोग्राफी का काम करता है। पत्नी से लंबे समय से विवाद चलने के कारण वह मानसिक तनाव में था।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सिस्टम की सक्रियता से युवक की जान बच गई।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.