रिश्ते का खौफनाक अंत, पत्नी की हत्या के बाद पति ने पी लिया सिंदूर, जानें पूरी घटना

भदोही: भदोही के सुरियावां थाना क्षेत्र स्थित वारी गांव से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक युवक ने पहले अपनी पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी और फिर खुदकुशी की कोशिश में सिंदूर पी लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत अब स्थिर है।

घटना का खुलासा सुबह तब हुआ जब परिजनों ने घर में खून से लथपथ महिला का शव देखा। मृतका की पहचान बसंती देवी के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब पांच साल पहले मिर्जापुर निवासी रोहित बिंद से हुई थी। रोहित मजदूरी करता है। बसंती की मौत की खबर से पूरे परिवार में कोहराम मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस पूछताछ में आरोपी रोहित ने दावा किया कि दोनों ने रात में आत्महत्या करने का फैसला लिया था, लेकिन सुबह बसंती पीछे हट गई और एक और मौका मांगने लगी। इसी बात से नाराज होकर उसने चाकू से बसंती की गर्दन पर वार कर दिया। हत्या के बाद उसने खुद भी सिंदूर पीकर जान देने की कोशिश की।

पुलिस ने रोहित को हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने रोहित पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है और थाने में तहरीर दी है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.