- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलरामपुर
- बलरामपुर में भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में पांच युवकों की मौत, दो गंभीर घायल
बलरामपुर में भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में पांच युवकों की मौत, दो गंभीर घायल
बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में घने कोहरे के चलते बुधवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। उतरौला कोतवाली क्षेत्र के रामवापुर गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।
इस हादसे में गुफरान (18), रहमत (30), तौफीक (19), सलीम (20) और मोहम्मद फारूक (20) की मौत हो गई। वहीं, बड़हरा खुर्द निवासी मुजम्मिल खान (20) और नाहिद अली (18) गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उच्च चिकित्सा संस्थान के लिए रेफर कर दिया।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटना का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायलों के उपचार की जानकारी ली। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने घटनास्थल से दो क्षतिग्रस्त हेलमेट समेत अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पांचों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिए गए हैं।
सीएम योगी ने हादसे पर जताया दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर में हुए भीषण सड़क हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
