- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- UP News: बलिया में 11 हजार वोल्ट लाइन की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत, बिजली विभाग पर लापरवाही
UP News: बलिया में 11 हजार वोल्ट लाइन की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप
बलिया। जिले के बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के सहपुरवा गांव में गुरुवार सुबह दर्दनाक हादसे में पिता-पुत्र की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि खेत में 11 हजार वोल्ट की टूटी बिजली लाइन पड़ी थी, जिसकी चपेट में पहले बेटा आया और उसे बचाने पहुंचे पिता भी करंट की चपेट में आ गए। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह मौके पर पहुंचे और प्रशासनिक अधिकारियों को बुलाकर घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। उन्होंने बिजली विभाग की कथित लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा।
सूचना पर तहसीलदार बांसडीह नितिन सिंह और बांसडीह रोड थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।
