UP News: बलिया में मामूली विवाद के बाद महिला और सास पर हमला, पांच लोगों पर केस दर्ज

बलिया। जिले के बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में मामूली कहासुनी के बाद एक महिला और उसकी सास पर लाठी-डंडों से हमला करने तथा दांत से काटकर घायल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन महिलाओं समेत पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता संध्या देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार दोपहर उनकी देवरानी अर्चना देवी से कहासुनी हुई थी, जिसे ग्रामीणों ने शांत करा दिया था। आरोप है कि उसी रंजिश में रात के समय अर्चना देवी ने सुमन साहनी, करन साहनी (निवासी बेदुआ), रूबी (निवासी सूर्यपुरा) और सचिन साहनी उर्फ तंगू (निवासी केवटलिया कला) के साथ मिलकर उनके घर पर हमला कर दिया।

यह भी पढ़े - पारिवारिक विवाद में भाभी ने ननद पर किया चाकू से हमला, मुकदमा दर्ज

पीड़िता के अनुसार, जान बचाने के लिए वह दूसरे मकान में भागीं, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गए और घर में घुसकर उनकी तथा उनकी सास सुशीला देवी की लाठी-डंडों से पिटाई की। आरोप है कि मारपीट के दौरान दोनों को दांत से काटकर घायल भी कर दिया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Latest News

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.