- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, लूट का सामान और तमंचा बरामद
25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, लूट का सामान और तमंचा बरामद
बलिया : अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बैरिया थाना पुलिस और स्वाट टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश सूरज यादव को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूट से संबंधित सामान, तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सूरज यादव पुत्र विजेन्द्र यादव निवासी सुकरौली थाना दोकटी जनपद बलिया के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह 8/9 फरवरी 2026 की रात मुंज का डेरा गांव में मोतीलाल गोंड के घर हुई लूट की घटना में शामिल था।
आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों शनि राम, शिवम यादव, सचिन शाह, राघव और अंकित के साथ बोलेरो वाहन से वारदात करने पहुंचा था। बोलेरो को राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़ा किया गया था, जिसकी निगरानी शनि राम कर रहा था, जबकि बाकी लोग घर में घुसकर लूटपाट कर रहे थे।
जामातलाशी के दौरान पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से पीली धातु की एक थाली, लोटा और गिलास बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह सामान लूट के दौरान उसके हिस्से में आया था।
इसके अलावा आरोपी के पास से एक तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आयुध अधिनियम की धारा 3/25 की बढ़ोतरी करते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय भेज दिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद सिंह, स्वाट टीम प्रभारी उप निरीक्षक अजय साहनी, उप निरीक्षक अवनीश त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल उमेश यादव, हेड कांस्टेबल दिलीप कुमार पाठक, कांस्टेबल देवेन्द्र सरोज, सूर्य प्रकाश यादव, मनोज कुमार, रमेश यादव, पंकज सिंह, राजकमल और निखिल गिरी शामिल रहे।
