- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- वृद्धाश्रम गड़वार का औचक निरीक्षण, सचिव ने सुनीं वृद्धजनों की समस्याएं
वृद्धाश्रम गड़वार का औचक निरीक्षण, सचिव ने सुनीं वृद्धजनों की समस्याएं
बलिया : उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अनिल कुमार झा के मार्गदर्शन में शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के सचिव चन्द्र प्रकाश तिवारी ने वृद्धाश्रम गड़वार का औचक निरीक्षण किया।
सचिव चन्द्र प्रकाश तिवारी ने वृद्धाश्रम अधीक्षक को निर्देशित किया कि जिला चिकित्साधिकारी, बलिया को पत्र भेजकर वृद्धाश्रम में निवास कर रहे वृद्धजनों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित कराया जाए, ताकि समय-समय पर उनका चिकित्सकीय परीक्षण सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि यदि किसी भी वृद्धजन को किसी प्रकार की विधिक सहायता की आवश्यकता हो, तो वे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
निरीक्षण के उपरांत वृद्धाश्रम परिसर में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन भी किया गया। शिविर में उपस्थित वृद्धजनों को विभिन्न विधिक अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
इस दौरान सचिव ने विशेष रूप से “माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण और कल्याण अधिनियम-2007” के प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी देते हुए वृद्धजनों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में वृद्धाश्रम अधीक्षक अजित कुमार, लेखाकार भूपेन्द्र सिंह, स्टोर कीपर तेजबहादुर, केयर टेकर मुकेश सिंह, दयाशंकर वर्मा सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
