बलिया में घर में सो रहे परिवार को बाहर से बंद कर लाखों की चोरी, 3.50 लाख नकदी और गहने ले गए चोर

बलिया। शहर कोतवाली क्षेत्र के सहरसपाली नई बस्ती में चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक कमरे में सो रहे परिवार के सदस्यों को बाहर से बंद कर दिया और घर से 3.50 लाख रुपये नकद समेत लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी परिजनों को सुबह नींद खुलने के बाद हुई।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मंगलवार शाम पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़े - Ballia News : बलिया में गंगा में डूबे युवक का शव दूसरे दिन बरामद, तैरकर नदी पार करते समय हुआ था हादसा

खिड़की तोड़कर घर में घुसे चोर

रेवती थाना क्षेत्र के मझौवा दीघार नई बस्ती निवासी विवेक कुमार मिश्रा वर्ष 2019 से सहरसपाली नई बस्ती में मकान बनाकर परिवार के साथ रह रहे हैं। रोज की तरह विवेक, उनकी पत्नी और पुत्र-पुत्री रात में एक कमरे में अंदर से दरवाजा बंद कर सो रहे थे। कमरे के बाहर कूलर लगा हुआ था।

बताया जा रहा है कि देर रात चोर घर की बाउंड्रीवाल फांदकर पीछे की ओर पहुंचे और खिड़की का दरवाजा तोड़कर घर में दाखिल हो गए। इसके बाद चोरों ने उस कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, जिसमें परिवार सो रहा था।

चोरों ने घर के दूसरे कमरों में रखी अलमारी, सूटकेस और बक्सों को खंगाला और नकदी व आभूषण लेकर फरार हो गए।

3.50 लाख नकदी और जेवरात चोरी

पीड़ित के अनुसार, चोर घर से 3.50 लाख रुपये नकद, दो सोने के मांगटीके, दो नथिया, तीन जोड़ी कान के आभूषण, चार सोने की चूड़ियां, करीब 22 भर चांदी का डाड़ा, दो हथशंकर, दो जोड़ी पायल और पांच जोड़ी बिछिया समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए।

चोरों ने घर में रखे कीमती कपड़े भी नहीं छोड़े। यहां तक कि बेटी की कॉपी-किताबें भी उठा ले गए, जिन्हें बाद में कुछ दूरी पर फेंक दिया।

दरवाजा बाहर से बंद मिलने पर हुई जानकारी

रात में कूलर चलने के कारण परिवार को घर में चोरी होने की भनक नहीं लगी। सुबह नींद खुलने पर परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजा बाहर से बंद था। काफी प्रयास के बाद किसी तरह दरवाजा खोला गया।

बाहर निकलने के बाद परिवार के सदस्यों ने दूसरे कमरों में जाकर देखा तो अलमारी, सूटकेस और बक्सों में रखा सामान गायब था। चोरी की जानकारी मिलते ही मोहल्ले के लोग भी मौके पर जुट गए।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

पीड़ित परिवार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

पीड़ित विवेक कुमार मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए मामले की छानबीन कर रही है।

खबरें और भी हैं

Latest News

‘द बंगाल फाइल्स’ का वर्ल्ड टेलीविज़न प्रीमियर 29 अगस्त को ज़ी सिनेमा पर ‘द बंगाल फाइल्स’ का वर्ल्ड टेलीविज़न प्रीमियर 29 अगस्त को ज़ी सिनेमा पर
मुंबई, अगस्त 2026: ज़ी सिनेमा इस शनिवार, 29 अगस्त को रात 9:30 बजे विवेक रंजन अग्निहोत्री की चर्चित फिल्म ‘द...
‘दायरा’ का नया पोस्टर जारी, करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन ने बढ़ाई उत्सुकता; 31 अगस्त को रिलीज होगा ट्रेलर
अनमोल टीवी ने शुरू किया अपना पहला ओरिजिनल शो ‘हमारी राधा’, सिमरन कौर, अक्षय म्हात्रे और वैदेही नायर मुख्य भूमिकाओं में
नोएडा में नए एक्सक्लूसिव सर्विस सेंटर के साथ एसुस ने बढ़ाया सर्विस नेटवर्क
शामली: जिम से बाहर निकलते ही यूट्यूबर और हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या
Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.