- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में प्राचीन पचेव देवी मंदिर से चांदी का मुकुट और छतरी चोरी, CCTV में कैद हुए नकाबपोश चोर
बलिया में प्राचीन पचेव देवी मंदिर से चांदी का मुकुट और छतरी चोरी, CCTV में कैद हुए नकाबपोश चोर
बलिया। सहतवार थाना क्षेत्र के बहुआरा गांव स्थित प्राचीन पचेव देवी मंदिर में सोमवार देर रात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर देवी प्रतिमा से चांदी का मुकुट और छतरी चोरी कर ली। ग्रामीणों के मुताबिक चोरी गए सामान की कीमत दो लाख रुपये से अधिक है। चोरी की पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
चादर से चेहरा ढककर मंदिर में घुसे चोर
चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मंदिर के आसपास जुट गए। ग्रामीणों ने घटना को लेकर नाराजगी जताते हुए पुलिस से जल्द चोरों की पहचान कर चोरी का सामान बरामद करने की मांग की।
बताया जा रहा है कि मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में दो संदिग्ध चादर से खुद को ढककर मंदिर के अंदर प्रवेश करते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
सहतवार थानाध्यक्ष प्रशांत चौधरी ने बताया कि मंदिर में चोरी की सूचना मिली है। हालांकि, अभी तक इस संबंध में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
