नौरंगा में कटानरोधी कार्य की धीमी रफ्तार पर भड़के डीएम, युद्धस्तर पर काम पूरा करने के निर्देश

बलिया : जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने शुक्रवार को बैरिया तहसील क्षेत्र के ग्राम नौरंगा में चल रहे बाढ़ नियंत्रण एवं कटानरोधी परियोजना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था को युद्धस्तर पर निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि परियोजना की कुल लागत 2497.11 लाख रुपये है, जबकि कार्य की अनुबंधित लागत 1159.89 लाख रुपये है। बाढ़ खंड बलिया द्वारा नौरंगा गांव में पूर्व में हुए कटान को रोकने के लिए 100 से 110 मीटर क्षेत्र में कटानरोधी कार्य कराया जा रहा है।

यह भी पढ़े - Ballia News : नगर निकाय योजनाओं की समीक्षा में डीएम सख्त, एमआरएफ सेंटर बंद मिलने पर एफआईआर के निर्देश

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को बताया कि कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो रहा है। इस पर डीएम ने सुबह, शाम और देर रात तक काम कराने के निर्देश देते हुए अलग-अलग टीमें गठित कर कार्य में तेजी लाने को कहा। उन्होंने जियो बैग लगाने के लिए अलग टीम तैनात करने, पोकलैंड मशीनों और मजदूरों की संख्या बढ़ाने तथा प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जियो बैग में केवल सिल्ट भरी जाए, रेत का उपयोग न किया जाए। कार्यस्थल पर अधिकारियों की नियमित मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए एक सहायक अभियंता (एई) और तीन अवर अभियंताओं (जेई) को नामित किया गया। उनके नाम और मोबाइल नंबर सूचना बोर्ड पर अंकित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही ठेकेदार का नाम और मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने को कहा गया।

उन्होंने निर्देश दिया कि नदी के निचले हिस्से को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित किया जाए और कटानरोधी कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए। ठेकेदार से मजदूरों की संख्या और कार्य प्रगति की जानकारी लेते हुए डीएम ने 400 से 500 श्रमिक लगाकर समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने को कहा।

ग्रामीणों से संवाद के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि रेड जोन में स्थित वे मकान, जो पहले बाढ़ से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं और कभी भी गिर सकते हैं, उन्हें तत्काल खाली कराया जाए। उन्होंने बताया कि ऐसे प्रभावित परिवारों को मुआवजा और वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराया जा चुका है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गांव स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भी निरीक्षण किया। परिसर में गंदगी मिलने और चिकित्सकों की नियमित अनुपस्थिति की शिकायत पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की तथा व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि नौरंगा गांव की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और कटानरोधी कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Latest News

बलिया: युवती को अश्लील कंटेंट भेजने और फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर बदनाम करने का आरोप, युवक पर मुकदमा दर्ज बलिया: युवती को अश्लील कंटेंट भेजने और फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर बदनाम करने का आरोप, युवक पर मुकदमा दर्ज
बांसडीह (बलिया)। बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती को कथित तौर पर अश्लील फोटो-वीडियो भेजने और सोशल मीडिया...
बलिया: विवाहिता से मारपीट के आरोप में पति और देवर पर मुकदमा दर्ज
बलिया: गड़वार में ट्रेलर की टक्कर से युवक की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
गोडावन बनी 'इंडियन सिंगल माल्ट ऑफ द ईयर' और 'स्पिरिट ऑफ द ईयर – इंडिया' 2026 की विजेता
बाबा रामदेव ने एनिमेशन फिल्म 'महाप्रभु जगन्नाथ' को बताया बच्चों के लिए ज़रूरी, 17 जुलाई को होगी पैन इंडिया रिलीज़
Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.