सूरज प्रताप सिंह और ‘दिव्य प्रेम’ के नन्हे सितारों के बीच बना खास रिश्ता, बोले- “ऐसा लगता ही नहीं कि हमारे बीच उम्र का कोई अंतर है”

मध्य प्रदेश/उत्तर प्रदेश, अगस्त 2026: टीवी सेट पर कई बार कुछ रिश्ते कहानी या स्क्रिप्ट से नहीं, बल्कि साथ काम करते-करते अपने आप बन जाते हैं। सन नियो के शो ‘दिव्य प्रेम: प्यार और रहस्य की कहानी’ में प्रेम की भूमिका निभा रहे सूरज प्रताप सिंह और शो के नन्हे कलाकारों के बीच भी ऐसा ही प्यारा रिश्ता बन गया है।

इन दिनों सूरज अपने ट्रैक के लिए बच्चों के साथ लगातार शूटिंग कर रहे हैं। साथ में ज्यादा समय बिताने के कारण उनकी बच्चों से अच्छी दोस्ती हो गई है। स्क्रीन पर साथ नजर आने से शुरू हुआ यह रिश्ता अब हंसी-मजाक, मस्ती, मजेदार निकनेम और दोस्ती में बदल चुका है।

यह भी पढ़े - क्या ‘इंद्रपुत्र’ से जुड़ेंगी खुशबू सुंदर? किरण अब्बावरम की पैन-इंडिया मायथोलॉजिकल फिल्म की कास्टिंग को लेकर चर्चाएं तेज

बच्चों के साथ अपने रिश्ते को याद करते हुए सूरज प्रताप सिंह ने कहा, “अब तो बच्चे मेरे दोस्त बन गए हैं। उनके साथ मेरी बहुत सारी प्यारी यादें हैं। शुद्धि के साथ मेरी एक खास याद है। उसे पता है कि मैं घर से दूर रहता हूं और मेरी मां यहां मेरे साथ नहीं हैं। इसलिए वह अपनी मां से रोज मेरे लिए कुछ न कुछ खाने के लिए लाने को कहती है। कभी वह मेरे लिए पराठे लेकर आती है तो कभी कुछ और। वह हमेशा मेरे लिए कुछ लेकर आने की कोशिश करती है, जो मुझे बहुत प्यारा लगता है।”

उन्होंने आगे कहा, “सप्पू के साथ तो ऐसा लगता ही नहीं कि हमारे बीच उम्र का कोई अंतर है। हम दोस्तों की तरह बात करते हैं और साथ में समय बिताते हैं। तारा तो मेरी तारा है ही और उसके साथ भी मेरा बहुत अच्छा रिश्ता है। जीनू भी मुझसे बहुत जुड़ा हुआ है। जब वह सुबह मुझे देखता है तो ऐसा लगता है जैसे वह मुझे छोड़कर जाएगा ही नहीं। वह आकर मेरी गोद में बैठ जाता है और फिर कभी-कभी सप्पू भी आ जाता है।”

सूरज के मुताबिक, बच्चों के साथ शूटिंग के अलावा सेट के पीछे भी खूब मस्ती होती है। उन्होंने बताया, “हम एक-दूसरे को मजेदार और अजीब-अजीब नामों से बुलाते हैं और जब हम उन नामों से एक-दूसरे को बुलाते हैं तो बहुत हंसी-मजाक होता है। जब हम सब साथ होते हैं तो सेट पर कभी बोरियत नहीं होती।”

‘दिव्य प्रेम: प्यार और रहस्य की कहानी’ में सूरज प्रताप सिंह और शो के नन्हे कलाकारों की यह ऑफ-स्क्रीन दोस्ती सेट के माहौल को और भी खुशनुमा बना रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.