बंदर को बचाने में झुलसा संविदा बिजलीकर्मी, बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर

बलिया। हल्दी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत दिघार स्थित 132/33 केवी विद्युत उपकेंद्र पर शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। लाइन मरम्मत के दौरान एक बंदर को बचाने की कोशिश में संविदा बिजलीकर्मी 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलसे कर्मचारी को जिला अस्पताल से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, रासबिहारी नगर (पचरुखिया) निवासी दीपक प्रजापति (पुत्र स्व. रामबहादुर प्रजापति) उपकेंद्र पर संविदा बिजलीकर्मी के रूप में तैनात हैं। शनिवार को वह विद्युत लाइन की मरम्मत कर रहे थे। इसी दौरान एक बंदर को बचाने के प्रयास में उनका संपर्क 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से हो गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए।

यह भी पढ़े - UP News: बलिया में शादी से इनकार पर मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, घंटों मशक्कत के बाद रेस्क्यू

हादसे के बाद उपकेंद्र पर अफरा-तफरी मच गई। सहकर्मियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में चिंता का माहौल है। वहीं, जिला अस्पताल पहुंची घायल कर्मचारी की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने बताया कि दीपक हमेशा पूरी जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाते हैं और एक बेजुबान जानवर को बचाने के प्रयास में खुद हादसे का शिकार हो गए।

इस घटना ने एक बार फिर हाईटेंशन लाइनों पर कार्य करने वाले बिजलीकर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यस्थल पर अपनाई जाने वाली सावधानियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.