- Hindi News
- बिजनेस
- आईडीएफसी फर्स्ट बैंक का पहली तिमाही में रिकॉर्ड प्रदर्शन, शुद्ध मुनाफा 132% बढ़कर ₹1,075 करोड़
आईडीएफसी फर्स्ट बैंक का पहली तिमाही में रिकॉर्ड प्रदर्शन, शुद्ध मुनाफा 132% बढ़कर ₹1,075 करोड़
मुंबई। आईडीएफसी फर्स्ट बैंक ने वित्त वर्ष 2026-27 (FY27) की पहली तिमाही में अब तक का सबसे अधिक 1,075 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ (PAT) दर्ज किया है। यह पिछले वर्ष की समान तिमाही के 463 करोड़ रुपये की तुलना में 132.4 प्रतिशत अधिक है। बैंक ने इस दौरान लोन, जमा राशि और एसेट क्वालिटी में भी उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया।
लोन और जमा में मजबूत वृद्धि
30 जून 2026 तक बैंक का कुल लोन पोर्टफोलियो बढ़कर 3,05,370 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 20.6 प्रतिशत अधिक है। वहीं, ग्राहक जमा राशि बढ़कर 2,99,405 करोड़ रुपये पहुंच गई, जिसमें 16.6 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज की गई।
बैंक की CASA जमा राशि 24.6 प्रतिशत बढ़कर 1,58,492 करोड़ रुपये हो गई, जबकि CASA अनुपात बढ़कर 50.8 प्रतिशत पर पहुंच गया।
एसेट क्वालिटी में सुधार
बैंक का ग्रॉस एनपीए (GNPA) घटकर 1.51 प्रतिशत और नेट एनपीए (NNPA) घटकर 0.44 प्रतिशत रह गया। रिटेल, एग्री और एमएसएमई (RAM) पोर्टफोलियो में भी एनपीए के स्तर में सुधार दर्ज किया गया।
लाभप्रदता और पूंजी स्थिति मजबूत
पहली तिमाही में बैंक का नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) बढ़कर 5.96 प्रतिशत हो गया। वहीं, रिटर्न ऑन एसेट्स (ROA) बढ़कर 1.06 प्रतिशत पर पहुंच गया। बैंक का कैपिटल एडिक्वेसी रेशियो (CAR) 15.05 प्रतिशत रहा, जबकि CET-1 रेशियो 13.33 प्रतिशत दर्ज किया गया।
एमडी एवं सीईओ ने क्या कहा?
आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के एमडी एवं सीईओ वी. वैद्यनाथन ने कहा कि बैंक का मुख्य फोकस बेहतर कॉर्पोरेट गवर्नेंस के साथ एक मजबूत और उच्च गुणवत्ता वाला बैंक बनाना है। उन्होंने कहा कि बैंक की एसेट क्वालिटी लगातार सुधर रही है और ग्रॉस एनपीए घटकर 1.51 प्रतिशत तथा नेट एनपीए 0.44 प्रतिशत पर आ गया है।
उन्होंने बताया कि बैंक को सीजीएफएमयू योजना के तहत 515 करोड़ रुपये का क्लेम प्राप्त हुआ है। साथ ही, संभावित जोखिमों को देखते हुए बैंक ने एहतियात के तौर पर 515 करोड़ रुपये का अतिरिक्त प्रावधान भी किया है। वैद्यनाथन ने कहा कि बैंक द्वारा किए गए निवेश का सकारात्मक परिणाम अब दिखाई देने लगा है, जिसके चलते पहली तिमाही में रिकॉर्ड 1,075 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज हुआ है।
