- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- आजमगढ़
- आजमगढ़ में दिल दहला देने वाली घटना: दो मासूम बेटों को पोखरे में फेंका, बेटी ने बचाई जान; मां अस्पताल...
आजमगढ़ में दिल दहला देने वाली घटना: दो मासूम बेटों को पोखरे में फेंका, बेटी ने बचाई जान; मां अस्पताल में भर्ती
आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र के अकड़छा गांव में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। पारिवारिक विवाद के बाद एक महिला अपने तीन बच्चों को लेकर घर से निकली। घटना में उसके दो मासूम बेटों की डूबने से मौत हो गई, जबकि आठ वर्षीय बेटी किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रही। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि घर से करीब तीन किलोमीटर दूर एक पोखरे के पास पहुंचने पर महिला ने अपने दोनों छोटे बेटों को पानी में फेंक दिया। जब वह बेटी को भी पोखरे में धकेलने का प्रयास कर रही थी, तब मानवी किसी तरह उनके चंगुल से निकलकर भाग गई और घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद महिला ने भी पोखरे में छलांग लगा दी।
सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। तब तक दोनों मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने महिला को पोखरे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पारिवारिक कलह की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।
सरायमीर प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
