- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में सिपाही की संदिग्ध हालात में मौत, पानी भरे गड्ढे में मिला शव; बाइक भी बरामद
बलिया में सिपाही की संदिग्ध हालात में मौत, पानी भरे गड्ढे में मिला शव; बाइक भी बरामद
बांसडीह, बलिया: बांसडीह कोतवाली में तैनात एक सिपाही का शव सोमवार को बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के छाता रेलवे क्रॉसिंग के पास पानी भरे गहरे गड्ढे में मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार, परितोष मिश्रा रविवार शाम अपने साथी सिपाही शिवगोपाल पाल को बाइक से बलिया रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे। वापसी के दौरान उन्होंने बांसडीहरोड थाने में तैनात अपने कुछ साथी सिपाहियों के साथ छाता गांव के पास भोजन किया।
भोजन करने के बाद परितोष ने साथियों से मोबाइल ड्यूटी पर जाने की बात कही और अपनी बाइक से वहां से निकल गए। हालांकि, वह मोबाइल ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। इसके बाद साथी पुलिसकर्मियों को उनकी चिंता हुई और उन्होंने रात में ही उनकी तलाश शुरू कर दी।
रातभर चली तलाश, सुबह तालाब में मिला शव
साथी सिपाहियों ने रात में परितोष की तलाश की तो उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने आसपास के इलाकों में रातभर खोजबीन की।
सोमवार सुबह छाता रेलवे क्रॉसिंग के पास पानी भरे गहरे गड्ढे में परितोष का शव और उनकी बाइक बरामद हुई। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बाइक से लौटते समय तेज रफ्तार के कारण क्रॉसिंग के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गहरे गड्ढे में जा गिरा होगा। पानी में डूबने से उनकी मौत होने की आशंका है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही एसपी ओमवीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को मामले की विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसपी ने बताया कि सिपाही के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। रविवार रात साथ भोजन करने वाले साथी पुलिसकर्मियों से भी बातचीत कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।
मौके पर एडिशनल एसपी दिनेश शुक्ल, सीओ बांसडीह जयशंकर मिश्र और कोतवाल राकेश सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
