- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में आकाशीय बिजली का कहर, पेड़ के नीचे खड़े चार युवकों पर गिरी बिजली; दो की मौत, दो झुलसे
बलिया में आकाशीय बिजली का कहर, पेड़ के नीचे खड़े चार युवकों पर गिरी बिजली; दो की मौत, दो झुलसे
बलिया: भीमपुरा थाना क्षेत्र के कसेसर-कसौंडर नहर मार्ग पर सोमवार दोपहर तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे पेड़ पर गिर गई। पेड़ के नीचे खड़े चार युवक बिजली की चपेट में आ गए। बिजली गिरने के तेज धमाके से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में कसौंडर निवासी 30 वर्षीय रंजीत कुमार और सिकंदरापुर निवासी 28 वर्षीय अनुराग कुमार उर्फ गोलू की मौत हो गई। वहीं 29 वर्षीय छोटू कुमार और एक अन्य अज्ञात युवक गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भीमपुरा थानाध्यक्ष रंजीत विश्वकर्मा ने बताया कि तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य झुलस गए हैं। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।
