बांसडीह में दरवाजे पर कीचड़ को लेकर विवाद, महिला और सास की पिटाई; चार के खिलाफ केस

बांसडीह, बलिया: बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के मैरीटार गांव में दरवाजे पर जमा कीचड़ को लेकर हुए विवाद में एक महिला और उसकी सास के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता शांति देवी पत्नी शिवचंद के अनुसार, 31 अगस्त की रात हुई तेज बारिश के चलते उनके घर के दरवाजे पर कीचड़ जमा हो गया था। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक महिला ने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी। शांति देवी ने इसका विरोध किया तो मामला विवाद में बदल गया।

यह भी पढ़े - बलिया: एक पैर से जिंदगी की चुनौतियों का सामना कर रही रागिनी की मदद को पहुंचे डीएम, पढ़ाई के लिए दी किताबें और ट्राईसाइकिल

लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से मारपीट का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद कमलावती, शिवशंकर, दीनानाथ और चंचल लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर वहां पहुंचे और उनके साथ मारपीट करने लगे।

शोर सुनकर मौके पर पहुंची शांति देवी की सास ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोप है कि उनके साथ भी लाठी-डंडों से मारपीट की गई। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

इलाज के बाद थाने पहुंची पीड़िता

पीड़िता के अनुसार, मारपीट के बाद इलाज कराने में समय लगने के कारण उन्होंने कुछ दिनों बाद पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर बांसडीह पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.