- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News: भेड़ी पुल पर नहाते समय नदी में डूबा युवक, अगले दिन मिला शव
Ballia News: भेड़ी पुल पर नहाते समय नदी में डूबा युवक, अगले दिन मिला शव
बलिया: बांसडीह तहसील क्षेत्र के केवटालिया-देवडीह मार्ग स्थित भेड़ी पुल पर शनिवार शाम नहाते समय नदी में डूबने से 22 वर्षीय बंगाली राजभर उर्फ मंटू की मौत हो गई। करीब 17 घंटे तक चले तलाश अभियान के बाद रविवार सुबह साढ़े दस बजे पुल के दूसरे पाये के पास पानी में उसका शव उतराता मिला। शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गांव के गोताखोर भुआली साहनी समेत अन्य लोगों ने शनिवार शाम से ही नदी में युवक की तलाश शुरू कर दी। अंधेरा होने के बावजूद काफी देर तक खोजबीन की गई।
रविवार सुबह भी गोताखोरों ने तलाश अभियान जारी रखा। करीब साढ़े दस बजे पुल के दूसरे पाये के पास पानी में युवक का शव दिखाई दिया। गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बंगाली राजभर अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें हैं। करीब चार वर्ष पहले उसकी मां का निधन हो चुका था। इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
