बलिया: दूसरी शादी के लिए जा रहे दूल्हे को पहली पत्नी ने रास्ते में रोका, बीच सड़क हुई मारपीट और हंगामा

सिकंदरपुर, बलिया: सिकंदरपुर कस्बे के जलपा-कलपा चौक पर रविवार को उस समय हंगामा हो गया, जब दूसरी शादी के लिए बरात लेकर जा रहे दूल्हे को उसकी पहली पत्नी ने रास्ते में रोक लिया। पहली पत्नी ने पति पर धोखे से दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी, नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया।

जानकारी के अनुसार, वाराणसी के छितूपुर महमूरगंज निवासी मजहरुल हक रविवार को दूसरी शादी के लिए बरात लेकर सिकंदरपुर कस्बे के मैनापुर जा रहा था। इसी बीच पहली पत्नी अतुफा खातून को इसकी जानकारी हो गई। वह अपने परिजनों के साथ जलपा-कलपा चौक पहुंच गई और सेहरा बांधे दूल्हे को रास्ते में रोक लिया।

यह भी पढ़े - गंगा-सरयू के बढ़ते जलस्तर से बढ़ा बाढ़ का खतरा, गांवों में घुसने लगा पानी

बताया जा रहा है कि पहली पत्नी ने पति पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए उसकी थप्पड़ों से पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और सड़क पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने स्थिति संभालने का प्रयास किया।

सूचना मिलते ही कस्बा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। पहली पत्नी अतुफा खातून, निवासी बहेरी, बलिया ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

अतुफा का आरोप है कि दोनों के बीच बलिया न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है। इसके बावजूद उसका पति दूसरी शादी करने जा रहा था। वहीं, मजहरुल हक का कहना है कि पहली पत्नी से उसका विवाद चल रहा है और इसी वजह से उसने दूसरी शादी करने का निर्णय लिया है।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.