बलिया: सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुसी बाइक, रेलकर्मी की मौत; परिजनों में मचा कोहराम

बांसडीह, बलिया: बांसडीह-बलिया मार्ग पर शनिवार की देर रात बभनौली पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से बाइक टकराने से 30 वर्षीय रेलकर्मी की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के बड़सरी गांव निवासी रमेश राम के पुत्र राजनारायन भारती बाराबंकी जिले में रेलवे में तकनीशियन के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि वह विभागीय कार्य से बाइक लेकर मऊ गए थे। शनिवार देर रात वहां से अपने गांव लौट रहे थे। इस दौरान हल्की बूंदाबांदी भी हो रही थी।

यह भी पढ़े - बलिया: 35 लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर बेटे ने दी परिवार को धमकी, मां ने दर्ज कराया मुकदमा

बभनौली पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई। हादसे में राजनारायन गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को घटना की जानकारी दी।

जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें इलाज के लिए मऊ लेकर जा रहे थे, लेकिन रसड़ा पहुंचते ही राजनारायन की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

राजनारायन पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर थे और अविवाहित थे। उनके पिता गांव में खेती करते हैं, जबकि उनका एक भाई दिव्यांग बताया जा रहा है। राजनारायन की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.