बलिया: घर के दरवाजे पर चढ़कर परिवार से मारपीट, पति का हाथ टूटा; आरोपी पर मुकदमा दर्ज

बांसडीह, बलिया: बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के मैरीटार गांव में रंजिश के चलते घर के दरवाजे पर पहुंचकर मारपीट और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। घटना में एक व्यक्ति के हाथ की हड्डी टूट गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्यों को भी चोटें आई हैं। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता मंजू देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार शाम मैरीटार निवासी करन साहनी रंजिश के चलते उनके दरवाजे पर पहुंचा। आरोप है कि उसने उनके पति सुनील साहनी को गाली देना शुरू कर दिया और विरोध करने पर मारपीट करने लगा।

यह भी पढ़े - बलिया के तहसीलदार अतुल हर्ष निलंबित, नामांतरण वादों के निस्तारण में लापरवाही का आरोप

मंजू देवी और उनके बेटे ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की। घटना में सुनील साहनी के बाएं हाथ की हड्डी टूट गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्यों को अंदरूनी चोटें आई हैं।

शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर परिवार को बचाया। आरोप है कि जाते समय आरोपी ने जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी।

पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.