बुलंदशहर: नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया, दो पुलिसकर्मी घायल

बुलंदशहर: ककोड़ थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के बाद हत्या के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम के दरोगा समेत दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।

पुलिस के मुताबिक, 1 अगस्त को ककोड़ क्षेत्र के वैर रेलवे स्टेशन के पास मोनू नाम के युवक ने एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और बाद में उसकी हत्या कर दी थी। वारदात के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।

आरोपी की लोकेशन मिलने के बाद स्वाट टीम और पुलिस ने गुलावठी थाना क्षेत्र के गांव छपरावत के पास घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख मोनू और उसके साथी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में मोनू को गोली लगी और उसकी मौत हो गई, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।

मुठभेड़ में स्वाट टीम के दरोगा समेत दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। गुलावठी और सिकंदराबाद थाना प्रभारियों की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी गोली लगी। मौके से पुलिस ने एक पिस्टल, दो मैगजीन, कारतूस और बिना नंबर की बाइक बरामद करने का दावा किया है।

आरोपी पर पहले से भी दर्ज थे मामले

एसएसपी बुलंदशहर दिनेश कुमार सिंह के मुताबिक, आरोपी मोनू पुत्र राकेश का व्यवहार बेहद असामान्य था। उन्होंने बताया कि आरोपी पर नाबालिग की हत्या और दुष्कर्म के मामले में 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस के अनुसार, मोनू के खिलाफ बरेली और अलीगढ़ रेलवे जंक्शन में भी आपराधिक घटनाओं से जुड़े मामले सामने आए थे।

एसएसपी ने बताया कि रात में घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर कई राउंड फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया। पुलिस उसके फरार साथी की तलाश में जुटी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.