Ballia News : NH-31 पर दो पिकअप में भीषण टक्कर, एक चालक गंभीर घायल

बलिया। नेशनल हाईवे-31 पर शुक्रवार दोपहर नरहीं पानी टंकी के पास दो पिकअप वाहनों में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में एक पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि वाहन में सवार महिलाएं और बच्चे सुरक्षित बच गए।

जानकारी के अनुसार रतनपुरा (जनपद मऊ) से एक पिकअप वाहन में सवार होकर 17 महिलाएं और बच्चे उजियार घाट पर मुंडन संस्कार के बाद घर लौट रहे थे। उसी समय बलिया से बक्सर की ओर जा रही एक महिंद्रा पिकअप सामने से आ गई और दोनों वाहनों में भीषण भिड़ंत हो गई।

यह भी पढ़े - Ballia News : सोनवानी उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्रों में 26 और 27 अप्रैल को 9 घंटे बिजली कटौती

हादसे में महिंद्रा पिकअप के चालक रितेश कुमार यादव (26 वर्ष), निवासी चंदुकी थाना सुखपुरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरहीं पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

टक्कर इतनी तेज थी कि एक पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए। गनीमत रही कि उसमें सवार सभी महिलाएं और बच्चे सुरक्षित रहे। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और महिलाओं को अन्य वाहन की व्यवस्था कर उनके गंतव्य के लिए रवाना किया।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.