Ballia News: संदिग्ध हालात में पूर्व सभासद की मौत, चाचा-भतीजे ने एक-दूसरे पर लगाया हत्या का आरोप

बलिया। नगर कोतवाली क्षेत्र के चमन सिंह बाग रोड स्थित आवास पर बुधवार देर रात पूर्व सभासद छोटेलाल वर्मा (50) पुत्र पारसनाथ वर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन पीएम रिपोर्ट के बाद स्थिति साफ होने की उम्मीद है।

घटना को लेकर इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं सोशल मीडिया पर वायरल हो रही टिप्पणियां इसे हत्या की ओर इशारा कर रही हैं।

यह भी पढ़े - Ballia News : अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस पर कर्मचारी परिषद का कार्यक्रम, पदाधिकारियों ने ली शपथ

सूत्रों के अनुसार, छोटेलाल वर्मा का परिवार इन दिनों एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने सिलीगुड़ी गया हुआ था। इस बीच उनके घर पर ही उनकी रहस्यमय मौत हो गई।

मामले ने उस वक्त और तूल पकड़ लिया जब मृतक के छोटे भाई सोनू वर्मा ने अपने ही भतीजों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी। दूसरी ओर, मृतक के भतीजे रवि उर्फ बिट्टू पुत्र शंकर वर्मा ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर अपने चाचा सोनू वर्मा पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया।

चाचा-भतीजे के बीच चल रहे आरोप-प्रत्यारोप से मामला और उलझ गया है। पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है और परिवार के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.